श्रीनगर। नगर निगम की ओर से गिरगांव, बिलकेदार और बिंदल्या गांवों के मध्यम में बनाए गए ट्रंचिंग ग्राउंड को लेकर जन चेतना समिति नकोट ने आपत्ति जताई है।
समिति ने इसे एनजीटी के मानकों के विपरीत बताते हुए जिलाधिकारी पौड़ी से कार्रवाई की मांग की है। समिति ने बताया कि जब ट्रंचिंग ग्राउंड का निर्माण किया जा रहा था, तो आसपास गांवों के लोगों ने विरोध किया। इस पर नगर निगम ने कहा था कि कूड़े का निस्तारण वैज्ञानिक तरीके से किया जाएगा, जिससे बदबू जैसी कोई समस्या नहीं होगी। लेकिन अब इसके उलट है। बदबू और आए दिन कूड़े में आग लगने से उठने वाले धुएं से ग्रामीण परेशान हैं। जिस स्थान पर ट्रंचिंग ग्राउंड का निर्माण किया गया है, उसके समीप अलकनंदा की सहायक खांडवी नदी है। नदी से कई गांवों की पेयजल योजनाएं हैं। ट्रंचिंग ग्राउंड में डाले गए मरे जानवर और गंदा कूड़ा बारिश में रिस कर नदी के पानी को प्रदूषित कर रहा है। समिति के अध्यक्ष मनमोहन सिंह नेगी, उपाध्यक्ष दीपक मैठाणी, मीडिया प्रभारी गब्बर सिंह रावत, पंकज मैठाणी व सुशील नेगी आदि ने जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है।