अलकनंदा नदी का जल स्तर बढ़ने से कई पंपिंग पेयजल योजनाओं से आपूर्ति ठप हो गई है। इस कारण सैकड़ों गांवों में पेयजल संकट गहराने लगा है। जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों का कहना है कि नदी के पानी में अत्यधिक गाद आने से पानी पंप नहीं हो पा रहा है। पेयजल निगम देवप्रयाग के अधिशासी अभियंता आरएस बिष्ट ने बताया कि अकरी बारजूला पंपिंग पेयजल योजना पर आपूर्ति शुरू करने में दो या तीन दिन का समय लग सकता है। वहीं जल संस्थान देवप्रयाग के अधिशासी अभियंता नरेश पाल का कहना है कि उनका लक्ष्मोली हडिमधार पंपिंग पेयजल योजना का पंप पूरी तरह से नदी में डूब जाने से उसमें गाद जमा हो चुकी है। उसको संचालित करने में एक सप्ताह का समय लग सकता है। कोटेश्वर-सिल्काखाल व सजवाण-कांडा, भरपूर पंपिंग पेयजल योजना पर दो दिन में आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। गांवों को पुरानी पेयजल योजनाओं से आपूर्ति की जा रही है। जरूरत के अनुसार कई क्षेत्रों में टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। संवाद