श्रीनगर। वन नेशन वन स्टाइपेंड की मांग के लिए आंदोलित रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल छठवें दिन भी जारी रही। दूसरी ओर मेडिकल कालेज के पैरामेडिकल छात्र भी 15 हजार रुपये स्टाइपेंड की मांग को लेकर बुधवार से आंदोलन पर हैं। रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डाॅ. लोकेश यादव ने कहा कि जब तक मांग नहीं मानी जाती आंदोलन जारी रहेगा। यदि शीघ्र सकारात्मक आश्वासन नहीं मिला तो वह इमरजेंसी सेवाओं का भी बहिष्कार करेंगे। दूसरी ओर वर्ष 2022 बैच के इंटर्नशिप कर रहे पैरामेडिकल छात्रों ने कहा कि अस्पताल में नियमित सेवाएं दे रहे हैं। इसके बाद भी उन्हें उचित स्टाइपेंड नहीं मिल रहा है। कहा कि आगामी अक्तूबर में उनकी इंटर्नशिप पूरी होने जा रही है। उन्होंने सरकार से 15 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड की मांग पूरी कर छह माह का भुगतान करने की मांग की। संवाद