कोरोना संक्रमण काल के चलते छह माह से बंद विद्यालयों को अब खोलने की तैयारी चल रही हैं, लेकिन कई प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय वर्तमान समय में झाड़ियों से ढक चुके हैं। ऐसे में इन विद्यालयों के संचालन के लिए सफाई व्यवस्था भी शिक्षकों के सामने चुनौती साबित होंगे। अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा (एडी) महाबीर बिष्ट का कहना है कि स्कूल खोले जाने से पहले ऐसे विद्यालयों में सफाई व अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करनी होंगी। कोरोना संक्रमण काल के चलते मार्च माह से सभी स्कूल बंद हैं। इससे कई स्कूल भवनों की स्थितियों पर बुरा प्रभाव पड़ा है। अधिकांश स्कूल भवन झाड़ियों से पूरी तरह ढक चुके हैं। अपर निदेशक बिष्ट ने कहा कि ऐसे विद्यालयों के भवनों के अंदर जंगली जानवरों के घर बनने की संभावना हैं। बिष्ट ने कहा कि स्कूल खोले जाने से पहले स्कूल भवनों की सफाई व्यवस्था, मरम्मतीकरण व वृहद स्तर पर सैनिटाइजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। बिष्ट ने कहा कि इस संबंध में सभी मुख्य शिक्षाधिकारियों को पत्र प्रेषित किया जा रहा है।