श्रीकोट स्टेडियम जनपदीय क्रीडा प्रतियोगिता के शुभारंभ के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस?
- फोटो : SHRINAGAR
जनरल बिपिन रावत स्पोर्ट्स स्टेडियम श्रीकोट गंगानाली में पौड़ी की क्रीड़ा प्रतियोगिता (गढ़देवा) शुरू हो गई है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पौड़ी के 15 विकास खंडों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता बालक एवं बालिका वर्ग में अंडर-14,17 और 19 श्रेणी में आयोजित हो रही है।
सोमवार को प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गढ़देवा का उद्घाटन किया। खिलाड़ियों ने मंत्री को सलामी दी। पूर्व चैंपियन अमन भट्ट ने मशाल के साथ दौड़ लगाने के बाद खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। वहीं, स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उद्घाटन पर आयोजित अंडर-17 बालक वर्ग की 1500 मीटर की दौड़ राजकीय इंटर कॉलेज बगवाड़ी के प्रवेंद्र सिंह ने जीती। राजकीय इंटर कॉलेज के विजय ग्वाड़ी दूसरे और राजकीय इंटर कॉलेज निसणी के निखिल भंडारी तीसरे स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग की इस प्रतियोगिता में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पलाण की दीपा विजेता रही। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एकेश्वर की किरन नेगी द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैंण की अंजली तीसरे स्थान पर रही। बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में राजकीय इंटर कॉलेज क्यार्क के कमल सबसे आगे रहे। राजकीय इंटर कॉलेज के आयुष नेगी व जनता इंटर कॉलेज नैनीडांडा के अमित बिष्ट क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय इंटर कालेज मासौ की यशोदा प्रथम, जनता इंटर कॉलेज किनगोड़ीखाल की मानसी द्वितीय और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाडिय़ूं की रोशनी तृतीय स्थान पर रहीं।