जम्मू। उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू के निर्देश पर शुक्रवार को प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी हृदेश कुमार को परिवहन विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। सामान्य प्रशासनिक विभाग की तरफ से जारी आदेश के तहत परिवहन विभाग का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे स्कूली शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव डा. असगर हसन समून को परिवहन विभाग के कार्यभार से मुक्त किया गया है। हालांकि डॉ. असगर हसन समून को तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। तकनीकी शिक्षा विभाग का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे पशु एवं भेड़ पालन विभाग के प्रधान सचिव नवीन कुमार चौधरी को अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त किया गया है।