पौड़ी/ पाबौ/ थलीसैंण। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद में वन विभाग द्वारा पौधरोपण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। टेका मार्ग स्थित वन पंचायत केवर्स में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी तथा गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों की देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। वन विभाग ने टेका मार्ग क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया। वहीं, जज कोर्ट परिसर के समीप भी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। थलीसैंण में उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण मित्रों और कर्मचारियों ने पौधे लगाए। पाबौ रेंज परिसर में मेरी लाइफ, एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत विशेष पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। इसमें वन क्षेत्राधिकारी शिवप्रसाद भट्ट, वन दरोगा सतीश शाह, निकिता, साक्षी, कमल किशोर सिंह, नीरज सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की।