श्रीनगर। शहर से लगी सड़कों के सड़क किनारे खड़े वाहन और जगह-जगह बिखरा कूड़ा आवागमन में बाधा बन रहा है। नगर निगम की ओर से सड़क किनारे रखे कूड़ेदान हटाए जाने के बावजूद लोग पुराने स्थानों पर ही कूड़ा फेंकने से बाज नहीं आ रहे हैं। इससे सड़क पर आवाजाही प्रभावित होने के साथ ही क्षेत्र की सफाई व्यवस्था भी पटरी से उतर रही है। नगर निगम क्षेत्र के डांग में सड़क किनारे कूड़ा फेंकने की समस्या बनी हुई है। कूड़ेदान हटाए जाने के बाद भी लोग घरों का कूड़ा थैलों में भरकर पुराने स्थानों पर छोड़ रहे हैं। निगम ने जिन स्थानों से कूड़ेदान हटाए थे, वहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए हैं। इसके बावजूद लोग अब दूसरे स्थानों पर कूड़ा फेंकने लगे हैं। सड़क किनारे खड़े वाहनों और बिखरे कूड़े के कारण राहगीरों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है। संवाद