फोटो
यात्रियों की बढ़ी परेशानी, ऋषिकेश और पौड़ी की बसों में रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। होली पर्व के अगले दिन बृहस्पतिवार सुबह श्रीनगर स्थित अलग-अलग बस अड्डों पर यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय बसें समय पर न मिलने से कई यात्री लंबे समय तक बसों का इंतजार करते नजर आए। ऋषिकेश और पौड़ी जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण बसों में भीड़ रही। रुद्रप्रयाग और कर्णप्रयाग की ओर से जो भी बसें श्रीनगर पहुंचीं वे पहले से ही यात्रियों से भरी हुई थीं। इस कारण कई यात्रियों को ऋषिकेश और पौड़ी बस अड्डे पर बसों में सीटें नहीं मिल पाईं। पौड़ी जाने वाले यात्रियों को भी बसों की कमी के कारण काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। कई यात्री परिवार और सामान के साथ घंटों बसों के इंतजार में खड़े रहे। जीएमओयू के स्टेशन इंचार्ज राजेंद्र सिंह बुटोला ने बताया कि होली के कारण कुछ बसें अपने रूट पर नहीं चल पाईं जिससे सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच दिक्कत हुई। उन्होंने कहा कि बाद में जैसे-जैसे बसों का संचालन शुरू हुआ स्थिति सामान्य हो गई।