पौड़ी। डोभाल ढांढरी गांव में गुलदार के हमले के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश बना हुआ है। रविवार को गडोली के पास ग्रामीणों ने धरना देकर गुलदार को मारने, उसे शेड्यूल वन से हटाकर आम जानवर घोषित करने और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि घास लेने गई महिला पर हालिया हमले के तीन दिन बाद भी गुलदार को मारने के आदेश नहीं मिले, जिससे वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।धरने में ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। वनक्षेत्राधिकारी डीसी नौटियाल ने बताया कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है, पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, तथा गुलदार की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। धरने में विनोद दनोसी, रोशनी रावत, नीमा भंडारी, सरस्वती देवी, बीना भंडारी, आरती भंडारी, गौरव चंदोला, रेखा रावत, तेजपाल रावत, रमेश रावत, दीपक रावत, मनमोहन सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।