देवप्रयाग। उत्तराखंड संस्कृत संस्थान की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिता में पतंजलि गुरुकुल देवप्रयाग की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर टिहरी जनपद का मान बढ़ाया। हरिद्वार में हुई राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग की नृत्य स्पर्धा में पतंजलि गुरुकुल देवप्रयाग की टीम ने प्रथम स्थान पाया है। इसके अलावा वाद-विवाद प्रतियोगिता में जाह्नवी और प्रिया कुमारी संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में संध्या ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इससे पूर्व इन छात्राओं ने खंड और जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर हरिद्वार में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए टिहरी जनपद का प्रतिनिधित्व किया था। गुरुकुल की प्रधानाचार्या साध्वी देवश्रुति ने सभी विजेता छात्राओं को हार्दिक बधाई दी। संवाद