जयंती पर संगठनों ने बाबा साहब को याद किया
पौड़ी। जिला मुख्यालय में भारतरत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। जिला प्रशासन, प्रादेशिक शिल्पकार कल्याण समिति, अटल फाउंडेशन समेत विभिन्न दलों ने बाबा साहब की मूर्ति पर पुष्प अर्पित किए। कलेक्ट्रेट के समीप बाबा साहब मूर्ति स्थल पर प्रादेशिक शिल्पकार कल्याण समिति की ओर से विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर की जीवन व उनके संघर्षों पर विस्तार से रोशनी डाली। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने बाबा साहब की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि डॉ. आंबेडकर ने भारतीय समाज को समानता, न्याय और अधिकारों की दिशा में नई सोच दी। उनके संघर्ष से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्यों को अपनाकर ही समाज में सच्ची समरसता स्थापित की जा सकती है। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष हरीश चंद्र शाह, जिपं सदस्य अनुज कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा नरेंद्र टम्टा, क्रांति किशोर, जसपाल रावत, संजय कुमार, भक्ति लाल शाह आदि मौजूद रहे।