- गढ़वाल विवि व जीआरआरसी के बीच हुआ समझौता
श्रीनगर। गढ़वाल विश्वविद्यालय ने अग्निवीर बैच एवी-08 के प्रशिक्षुओं के लिए डिप्लोमा प्रोग्राम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह पहल विश्वविद्यालय और गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर (जीआरआरसी), लैंसडौन के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत की गई है। विवि की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पंजीकरण पोर्टल चार से 25 अप्रैल तक खुला रहेगा। विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. पीएस राणा ने कहा कि पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि के भीतर अपना पंजीकरण पूरा करें। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://online.hnbgu.ac.in पर आवेदन कर सकते हैं। प्रति अभ्यर्थी के लिए 500 रुपये पंजीकरण शुल्क और 150 रुपये यूजर चार्ज निर्धारित किया गया है। उन्होंने जीआरआरसी लैंसडौन के संबंधित अधिकारियों से पंजीकरण प्रक्रिया को एमओयू और विश्वविद्यालय के नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।