जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को रेल विकास निगम की ओर से पौड़ी व श्रीनगर तहसील में किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। डीएम ने रेलवे अधिकारियों को मुआवजा प्रकरण जल्द सुलझाने, ग्रामीणों को योग्यतानुसार रेलवे में रोजगार दिए जाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जो विकास कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं उन्हें शीघ्र शुरू किया जाए। उन्होंने दिखोली में सिंचाई नहर का कार्य शुरू नहीं होने पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को चेतावनी भी दी। साथ ही 15 दिन के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। डीएम जोगदंडे ने एडीएम पौड़ी, एसडीएम सदर व एसडीएम श्रीनगर को विकास कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण करने को भी कहा। इस मौके पर एडीएम डॉ. एसके बरनवाल, एसडीएम सदर एसएस राणा, बीडीओ कोट डीपी बडोनी, खिर्सू दिनेश पंत, वरिष्ठ परियोजना प्रबंधक रेलवे ओपी मालगुड़ी, रेलवे प्रबंधक पीपी बडोगा आदि मौजूद रहे।