श्रीनगर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) उत्तराखंड, श्रीनगर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में संस्थान ने 66 फीसदी प्लेसमेंट दर्ज किया। इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के छात्र हेम कुमार का चयन क्वालकॉम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में 32.20 लाख रुपये वार्षिक के सर्वोच्च पैकेज पर हुआ। कंप्यूटर साइंस की छात्रा अदिति को ऑप्टिम में 18 लाख रुपये और मैकेनिकल इंजीनियरिंग की छात्रा कनिका डबराल को श्नाइडर इलेक्ट्रिक में 12 लाख रुपये वार्षिक पैकेज मिला। वहीं कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 10 छात्रों का चयन एक्सेंचर में 11 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर हुआ। विभागवार प्लेसमेंट में कंप्यूटर साइंस 82.35 फीसदी के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद मैकेनिकल 71 फीसदी, सिविल 70 फीसदी, इलेक्ट्रिकल 68 फीसदी और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार 36 फीसदी प्लेसमेंट दर्ज किया गया। प्रभारी निदेशक प्रो. केके शुक्ला ने सफलता का श्रेय संकाय, प्लेसमेंट प्रकोष्ठ और उद्योग जगत के सहयोग को दिया। प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. हरिहरन मुथुस्वामी ने कहा कि संस्थान रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण और उद्योगों से सहयोग को आगे भी मजबूत करेगा। कुलसचिव डॉ. एचएम आजाद ने इसे संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया।