कीर्तिनगर। बंगलुरू में 30-31 अक्तूबर को आयोजित विज्ञान सेमिनार में राइंका जखंड के छात्र निर्मल पंवार ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उसने सेमिनार में क्वांटम युग का आरंभ संभावनाएं एवं चुनौतियां विषय पर प्रस्तुतिकरण दिया। निर्मल पंवार 10वीं का छात्र है। निर्मल की मार्गदर्शक शिक्षिका ने बताया कि निर्मल ने पिथौरागढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थाना बनाया था। बंगलुरू में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में निर्मल ने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। उसकी इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी डाॅ. यशवंत सिंह नेगी, प्रधानाचार्य राजेंद्र भंडारी, प्रवक्ता ओमप्रकाश बडोनी, सुंदर सिंह नेगी, कौशलेंद्र, कुशलानंद पुरी ने खुशी जताई।