- ट्रैफिक पार्क को गांधी पार्क के तौर पर विकसित किया जाएगा
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए चालान अभियान को प्रभावी बनाने पर बल दिया। जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को आमजन को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण बड़े स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ट्रैफिक पार्क के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि इसे गांधी पार्क में विकसित किया जाएगा। पुलिस एवं परिवहन विभाग को सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों का चालान करने व रात में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। छोटे गड्ढों को समय रहते भरने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। सभी उपजिलाधिकारियों व अधिशासी अभियंताओं को एक सप्ताह के भीतर दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही आरटीओ को अन्य संबंधित विभागों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर अनुपयुक्त व जोखिमपूर्ण मोटर मार्गों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, आरटीओ विमल पांडे, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, एआरटीओ मंगल सिंह, उपनिरीक्षक प्रवीण रावत आदि मौजूद रहे।