पौड़ी। मुख्यालय पौड़ी में निकाय चुनाव के तहत बृहस्पतिवार को हुए मतदान में लोगों के साथ अजब मजाक भी हुए। यहां एक बार फिर से बीएलओ की बड़ी लापरवाही सामने आई। जहां मतदाता सूची में कई लोगाें के नाम गायब थे वहीं कुछ छोटे बच्चों के नाम सूची में भी दिखाए गए। परिजनों ने जब मतदाता सूची में बच्चों के नाम देखे तो वह भी दंग रह गए।यह कारनामा भी लोअर बाजार के वार्ड-5 में देखने को मिला। इस वार्ड की मतदाता सूची में 12 साल के कादिर को 29 साल व 8 साल की ही आफिया को 18 साल का दिखाकर मतदाता बना दिया गया। इतना ही नहीं 6 साल की आसिफा को भी वोटर दिखाया गया। सूची को देखकर लोगों ने प्रशासन की जमकर खिल्ली भी उड़ाई। वहीं सोशल मीडिया पर इन बच्चों के वयस्क मतदाता होने के वीडियो भी दिनभर प्रसारित होते रहे। संवाद