उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह के निधन को उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
कांग्रेस नेता नैथानी ने अपने फेसबुक पेज में पोस्ट करते हुए लिखा है कि जब वे 26 साल की आयु में पहली बार वर्ष 1989 में देवप्रयाग सीट से विधायक चुने गए थे तो मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। मुलायम के शासनकाल में उन्होंने उत्तराखंड राज्य बनाने के लिए पहली बार केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा था। इस काल में दशरथांचल पंपिंग पेयजल योजना, गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर की स्वीकृति, देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 17 सड़कों की मंजूरी, 11 हजार अंशकालिक शिक्षकों को स्थायी नियुक्ति और पर्वतीय विकास मंत्रालय को ढाई गुना बजट दिलाया था। नैथानी ने बताया कि मुलायम सिंह उन्हें छोटे भाई की तरह मानते थे।