श्रीनगर। नगर निगम श्रीनगर की नवनिर्वाचित पहली महापौर आरती भंडारी एवं उनके पति पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत सिंह भंडारी किसी दल में शामिल नहीं होंगे। दोनों ने स्पष्ट कहा कि जनता ने हमें निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपना आशीर्वाद दिया है। इसलिए हम इस जनादेश का सम्मान करते हुए किसी भी दल में शामिल नहीं होंगे। लेकिन नगर के विकास के लिए जहां पर भी जरूरत पड़ेगी, इसके लिए मुख्यमंत्री से लेकर सभी मंत्रियों से मुलाकात की जाएगी। कहा- बजट की पाई-पाई विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी।पत्रकारों से वार्ता में पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत भंडारी ने कहा कि हम एक शक्ति के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे, जिनके पास संसाधन थे सभी कुछ था। उसके बाद भी हमने डटकर मुकाबला करते हुए जीत हासिल की। चुनाव जीतने को हम चुनौती नहीं मान रहे थे, बल्कि चुनाव जीतने के बाद असल चुनौतियां अब हमारे सामने हैं। जितने नए क्षेत्र निगम में शामिल हुए हैं उन सभी लोगों तक विकास पहुंचना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और जिन उद्देश्य के लिए जनता ने हमें अपना आशीर्वाद दिया है उस उद्देश्य को पूरा करना है। कहा महापौर कार्यालय का दरवाजा हर किसी के लिए खुला रहेगा। मेयर आरती भंडारी ने कहा कि इस चुनाव में कोई वाद नहीं चला। बस जनता का आशीर्वाद चला है, जो हमें मिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्य हेतु आने वाली त्रैमासिक किस्त कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि निकाय एवं पंचायत के विकास कार्य के लिए त्रैमासिक किस्त आती है, जिसे रोकने का कोई प्रावधान ही नहीं है। इसके लिए उन्होंने मतदाताओं, क्षेत्र के सभी लोगों, बुजुर्गों व मातृशक्ति का आभार जताया।