- नजीबाबाद मंडी से पहुंची नई खेप सफेदा 90-100 रुपये किलो
- कलमी और दशहरी आम भी ग्राहकों की पसंद बने
श्रीनगर। नगर निगम क्षेत्र के गोला बाजार, गणेश बाजार और सब्जी मंडी में आम की नई वैरायटियों की आवक से बाजार में रौनक बढ़ गई है। अब तक केवल सफेदा आम का दबदबा था, लेकिन नजीबाबाद मंडी से नई खेप पहुंचने के बाद ग्राहकों को कई विकल्प मिलने लगे हैं। नई किस्मों के आने से आम के दामों में भी कमी आई है। पहले 120 रुपये प्रति किलो बिकने वाला सफेदा आम अब 90 से 100 रुपये किलो तक उपलब्ध है। गोला बाजार के फल विक्रेता अबूजर्दा ने बताया कि बाजार में कलमी आम 100 रुपये में डेढ़ किलो, दशहरी 100 रुपये में सवा किलो तथा अन्य सामान्य किस्में 100 रुपये में दो किलो के भाव से बिक रही हैं। खरीदारी करने आईं अन्नू, नीलम और रंजू ने बताया कि दशहरी आम उनकी पसंदीदा किस्म है और अब इसके दाम भी बजट में हैं। वहीं फल विक्रेता राजकिरण और सलीम के अनुसार गर्मी बढ़ने के साथ आम की मांग लगातार बढ़ रही है। आने वाले दिनों में अन्य नई वैरायटियों की आवक से बाजार में खरीदारी और बढ़ने की उम्मीद है।