फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pauri News: यात्रा सीजन में बसों की कमी से स्थानीय लोग परेशान, घंटों करना पड़ रहा इंतजार

Fri, 05 Jun 2026 05:51 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पौड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
- स्थानीय रूटों पर बसें कम होने से छोटे वाहनों को बुक करने के लिए विवश हो रहे हैं लोग
विज्ञापन

श्रीनगर। यात्रा सीजन के चलते विभिन्न रूटों पर बसों की कमी होने से स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बसों के कम संचालन और देरी से पहुंचने के कारण लोगों को बस स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं छोटे वाहन भी समय पर उपलब्ध नहीं होने से कई लोगों को अतिरिक्त खर्च कर वाहन बुक करने पड़ रहे हैं। श्रीनगर से टीजीएमओयू और जीएमओयू की बसों का संचालन टिहरी, चंबा, उत्तरकाशी, पौड़ी, कोटद्वार, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग और चमोली समेत विभिन्न रूटों पर होता है। टिहरी-चंबा रूट पर लंबे समय से बसों की कमी बनी हुई है जबकि कई रूटों पर बसों का संचालन भी बंद हो चुका है। पौड़ी-कोटद्वार रूट पर सामान्य दिनों में श्रीनगर से करीब 20 बसों का संचालन होता है लेकिन वर्तमान में यात्रा सीजन के कारण केवल 12 से 14 बसें ही चल रही हैं। इसके अलावा श्रीनगर-पौड़ी मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते पौड़ी से लौटने वाली बसों को श्रीनगर पहुंचने में अधिक समय लग रहा है जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष यात्रा सीजन में स्थानीय यात्रियों की सुविधाओं की अनदेखी की जाती है। लोकल रूटों पर वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों के जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें वाहनों के लिए भटकना पड़ रहा है। जीएमओयू बस स्टेशन के प्रभारी राजेंद्र सिंह बुटोला ने बताया कि श्रीनगर-पौड़ी रूट पर फिलहाल कुछ बसों का संचालन कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा ड्यूटी से बसें धीरे-धीरे वापस लौट रही हैं और वर्तमान में 12 से 14 बसें इस रूट पर संचालित की जा रही हैं। आने वाले कुछ दिनों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें