मरोड़ा स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में खड़ा गुलदार। स्रोत जागरूक पाठक।
- बीते बृहस्पतिवार को पीएचसी मरोड़ा में दिखा था गुलदार
पाबौ। विकासखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरोड़ा में दिनदहाड़े गुलदार अस्पताल परिसर में ही धमक पड़ा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया जा रहा है वीडियो बीते बृहस्पतिवार का है इसे अस्पताल स्टाफ व ग्रामीणों ने मोबाइल पर कैद कर लिया। जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार अपराह्न करीब 12 बजे गुलदार को अस्पताल परिसर के बाहर घूमते हुए देखा गया जिससे स्टाफ व ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई। इसका वीडियो अस्पताल स्टाफ व स्थानीय ग्रामीणों ने बना लिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि बीते बृहस्पतिवार को गुलदार अस्पताल के मुख्य द्वार के पास ही टहलता हुआ दिखाई दिया। स्टाफ व ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार भाग गया। हालांकि इससे अस्पताल स्टाफ और आसपास के ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। बताया कि इससे पूर्व भी कई बार गुलदार अस्पताल के आसपास देखा जा चुका है। वन विभाग को सूचना देकर अस्पताल परिसर और आसपास गश्त बढ़ाने को कहा गया है। साथ ही गुलदार की दहशत को देखते हुए गांव के बीच वैकल्पिक स्थान पर स्वास्थ्य केंद्र संचालित करने की संभावना तलाशी की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र ही गुलदार की दहशत से निजात दिलाने की मांग उठाई है।