श्रीनगर। रोडवेज डिपो श्रीनगर से कोटद्वार के लिए नई बस सेवा शुरू कर दी गई है। करीब 10 से 12 वर्ष बाद कोटद्वार-श्रीनगर-गोपेश्वर रोडवेज बस सेवा के पुनः संचालन से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। रोडवेज श्रीनगर के प्रभारी अशोक काला ने बताया कि पहले दिन बस सुबह 7 बजे कोटद्वार से रवाना होकर दोपहर करीब 12 बजे श्रीनगर पहुंचेगी और 10 मिनट के ठहराव के बाद गोपेश्वर के लिए रवाना होगी। अगले दिन बस गोपेश्वर से श्रीनगर पहुंचकर सुबह 10 बजे कोटद्वार के लिए चलेगी। उन्होंने बताया कि सेवा के दोबारा शुरू होने से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा। वर्तमान में श्रीनगर से कोटद्वार के लिए सुबह 7 बजे और 9 बजे बसें संचालित हो रही हैं, जबकि नई सेवा से डिपो की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।