कीर्तिनगर। जन अधिकार मोर्चा के संस्थापक एवं समाजसेवी गणेश भट्ट के नेतृत्व में शुक्रवार को युवाओं ने कीर्तिनगर बाजार से एसडीएम कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत युवाओं के समर्थन में प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय के नाम ज्ञापन भी प्रेषित किया गया। धरने को संबोधित करते हुए गणेश भट्ट ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से देशभर के युवाओं में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली में बल प्रयोग किया गया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की। समाजसेवी बीना चौधरी नेगी ने कहा कि यदि प्रदर्शनकारियों के साथ किसी प्रकार की ज्यादती हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान कुलदीप राणा, रवींद्र बिष्ट, अभिषेक उपाध्याय, प्रवीण सालेरा, विजय कुमार और अनिल खत्री आदि मौजूद।