श्रीनगर। हेमवती नंदन गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं की विभिन्न मांगों को लेकर जय हो संगठन कार्यकर्ताओं ने कुलपति से 31 सूत्री मांगों को लेकर वार्ता की। इस दौरान उन्होंने जल्द से जल्द मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की मांग की। कहा, यदि मांगों पर अमल नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ेगा। जय हो छात्र संगठन के छात्र नेता विरेंद्र बिष्ट ने कहा कि नए कोर्सों के संचालन, दोनों परिसर में बस स्टॉप पर टिनशेड, पुस्तकालय में नया रीडिंग हॉल आदि मांगों पर कुलपति ने 10 दिनों के अंदर समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। कहा कुलपति ने 4 विभागों में स्मार्ट क्लास का कार्य लगभग कार्य पूर्ण होने, चौरास परिसर के ऑडिटोरियम एवं स्टेडियम के बंद शौचालयों को खोलने के निर्देश देने की बात भी कही। कहा, अन्य मांगों पर उन्होंने कुलपति से तत्काल कार्यवाही की मांग की। इस मौके पर करन परिहार, अरविंद, हरेंद्र नेगी, गणेश, काजल, शालिनी, मानव, संजय और आयशा आदि मौजूद रहे।