जम्मू। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग मनरेगा के तहत जॉब कार्ड धारकों की जांच करेगा। इस संबंधी निर्देश विभाग की सचिव शीतल नंदा ने बुधवार को दिए।
आदेश के तहत पंचायत स्तर पर पांच से बीस जून तक मिशन मोड के तहत जांच का काम पूरा किया जाएगा। जिला स्तर पर इसके लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। आदेश के अनुसार विभाग के संज्ञान में आया है कि लंबे समय से जाब कार्ड धारकों की जांच नहीं हुई है और ग्राम पंचायत स्तर पर सूची को अपडेट भी नहीं किया गया है। वहीं नोडल अधिकारियों से कहा गया हैै कि ये भी सुनिश्चित किया जाए कि कोरोना की वजह से देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रदेश के नागरिकों के जॉब कार्ड बनें। पहली टीम में पंचायत इंस्पेक्टर और ग्रामीण स्तर का वर्कर होगा जोकि जॉब कार्ड पंजीकरण की जांच करेगा। दूसरी टीम में हस्ताक्षर करने वाला और ब्लाक एमआईएस होगा। तीसरी टीम में पीओ व जेएसए व चौथी टीम में बीडीओ और डीएमआईएस और पांचवीं टीम में योजना विभाग का एसओ, जूनियर असिस्टेंट होगा।