पौड़ी। मुख्यालय पौड़ी में लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी के आवास पर गढ़वाली कवि संदीप रावत के गीत संग्रह ‘तू हिटदि जा’ का लोकार्पण किया गया। इस दौरान लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी ने युवाओं द्वारा गढ़वाली भाषा को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। नेगी दा ने कहा कि मातृभाषा के विकास के नए आयाम से जोड़ने के लिए केवल गढ़वाली भाषा में लिखी पुस्तकों को खरीदना ही नहीं, बल्कि उन्हें पढ़कर इसे आगे भी बढ़ाना है। शिक्षक व कवि संदीप रावत ने कहा कि गढ़वाली भाषा को बढ़ावा देने की दिशा में कई पुस्तकें लिखी गई हैं और आगे भी यह मुहिम जारी रहेगी। संचालन कर रहे वरिष्ठ पत्रकार गणेश खुगशाल ने मौजूदा समय में गढ़वाली भाषा की महत्ता के बारे में जानकारी दी। संग्रह में गढ़वाली भाषा में 48 गीत संकलित किए गए हैं। इस मौके पर ऊषा नेगी, वरिष्ठ पत्रकार गुरुवेंद्र नेगी, प्रधानाचार्य अनुसूया प्रसाद सुंद्रियाल, दिनेश रावत व पदमेंद्र नेगी आदि मौजूद थे