श्रीनगर। खिर्सू ब्लॉक के श्रीकोट गंगानाली स्थित हाईस्कूल में प्रयोगशाला का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि राइंका स्वीत में कंप्यूटर लैब और राइंका कठूली में साइंस लैब का निर्माण कार्य प्रगति पर है। लैब सुविधाएं विकसित होने से छात्रों को विषयों की सैद्धांतिक जानकारी के साथ प्रयोगात्मक ज्ञान भी हासिल हो सकेगा। खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत ने बताया कि विद्यालयों में लैब सुविधा उपलब्ध होने से शिक्षण कार्य में गुणात्मक सुधार आएगा। प्रयोगशालाओं में छात्रों को स्वयं प्रयोग करने, अवलोकन करने और निष्कर्ष निकालने का अवसर मिलता है। इससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और जिज्ञासा विकसित होती है। वहीं कंप्यूटर लैब के माध्यम से छात्र-छात्राओं को डिजिटल शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और कंप्यूटर संचालन की जानकारी मिल सकेगी, जो वर्तमान समय में शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक के अन्य ऐसे माध्यमिक विद्यालय, जहां अभी प्रयोगशाला की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां भी लैब निर्माण के प्रयास किए जाएंगे। सरकारी विद्यालयों में छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक शिक्षण संसाधन और गुणवत्तापरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विभागीय स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।