पौड़ी। चौबट्टाखाल दमदेवल मार्ग पर दौलाधार के पास एक गुलदार ने बाइक सवार बीएलओ पर हमला कर दिया। बीएलओ बाइक से गिर गए और किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। हालांकि उन्हें खरोचें आई हैं। वहीं क्षेत्र में गुलदार के दिखने से ग्रामीणों का डर बढ़ता जा रहा है।
बीएलओ विनोद रावत राजकीय जूनियर हाईस्कूल चमनाऊं सौंडल में कार्यरत हैं और इन दिनों बीएलओ का काम कर रहे हैं। रविवार को दिन में वे सुबह 10 बजे दौलाधार में लोगों का सत्यापन करने के लिए बाइक से निकले थे कि चौबट्टाखाल दमदेवल मार्ग पर दौलाधार के पास गुलदार ने अचानक उनपर हमला कर दिया। विनोद रावत बाइक से गिर गए और वहां से किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इससे पहले बृहस्पतिवार को चौबट्टाखाल गवाणी मार्ग पर शिक्षिका सुनीता नवानी भी गुलदार के हमले में बाल-बाल बचीं थीं। इधर, डीएफओ गढ़वाल प्रभाग स्वप्निल अनिरुद्ध ने कहा कि गुलदार प्रभावित क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।