पौड़ी। उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रांत व जिला स्तर के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समस्याओं के निस्तारण को लेकर देहरादून में अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान माध्यमिक शिक्षक संघ के पौड़ी के जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर बिष्ट ने बताया कि राजकीय विद्यालयों की भांति अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक व कर्मचारियों के गोल्डन कार्ड बनने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है इस संबंध में संघ का प्रतिनिधिमंडल अपर निदेशक वित्तीय उत्तराखंड डाटा सेंटर गुलफाम अहमद से मिला। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर एसजीएचएस कटौती का विकल्प तो तैयार है लेकिन संबंधित पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध नही है। जिसके कारण पोर्टल पर आश्रितों का विवरण भी अंकित कर पाना संभव नहीं है और कटौती तो वेतन से हो जाएगी। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण आईटी पार्क देहरादून में अतुल जोशी ने डाटा सेंटर की इस त्रुटि को स्वीकार किया गया। जिस पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुन: शीघ्र इस समस्या के समाधान के लिए डाटा सेंटर को पत्र भेजा जाएगा। समस्या का समाधान होने पर ही गोल्डन कार्ड के लिए कटौती शुरू की जाएगी। अशासकीय विद्यालय के शिक्षकों व कर्मचारियों को सामूहिक बीमा योजना का लाभ राजकीय विद्यालयों की तरह दिए जाने में प्रबंधक भारतीय जीवन बीमा निगम की ओर से शिक्षक व कर्मचारियों का डाटा शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। गढ़वाल मंडल के रुद्रप्रयाग जिले के सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों के शिक्षकों को सात महीने से वेतन नहीं मिलने के मामले में प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिक शिक्षा निदेशक रामकृष्ण उनियाल ने कहा कि शीघ्र ही वेतन आहरित करा दिया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा, प्रदेश महामंत्री जगमोहन रावत जिला अध्यक्ष पौड़ी डॉ. महावीर बिष्ट, जिलाध्यक्ष देहरादून महावीर मेहता, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय रावत, अजय बिष्ट, सुखदेव रावत, यशवंत भंडारी और मनोज शर्मा आदि शामिल रहे।