देवप्रयाग। गोवा के नाइट क्लब में हुए अग्निकांड में अपने बेटे को खो चुकी संकुल्ड गांव की रामप्यारी देवी ने जिला प्रशासन टिहरी से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। गोवा में बीती छह दिसंबर रात हुए अग्निकांड में देवप्रयाग ब्लॉक की पट्टी चंद्रवदनी के संकुल्ड गांव निवासी 22 वर्षीय जितेन्द्र सिंह रावत हादसे का शिकार हो गया था। जितेन्द्र परिवार की आजीविका चलाने वाला मुख्य सदस्य था। जितेंद्र की मां रामप्यारी देवी ने कहा कि बेटे की मौत के बाद उसके परिवार के हालात काफी खराब हैं। बेटा जितेंद्र जो कुछ कमाता था उससे ही घर चलता था। रामप्यारी देवी ने कहा कि बीपीएल परिवार होने के बावजूद उन्हें अभी तक पक्के मकान बनाने सहित सरकार की किसी सक्षम योजना का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने विषम परिस्थितियों से जूझ रहे उसके परिवार को तत्काल जीवन यापन के लिए आर्थिक सहायता दिए जाने का अनुरोध किया है। कांग्रेस नेता डाॅ. प्रताप भंडारी ने भी सरकार से तत्काल पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।