पिछले पांच दिनों से लापता चल रहे युवक राहुल की हत्या के आरोप में उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पुलिस को लगातार गुमराह कर रहा था लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बता दिया कि राहुल नदी में गिर गया। हालांकि उसने हत्या की बात नकारी है। मामले में उनके एक साथी ने भी जानकारी होने के बावजूद पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी नहीं दी।
गत 22 अगस्त की रात शहर के एक रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में काम करने वाले चार युवक राहुल यादव (24), अनुसूया प्रसाद, सूरज और अजय ने कंसमर्दनी रोड पर राहुल के घर के समीप साथ बैठकर शराब पी। रात लगभग 10:30 बजे राहुल की मौसी का बेटा अजय अपने घर चला गया। जबकि राहुल और अनुसूया सूरज को उसके घर छोड़ने डांग चले गए। सूरज को छोड़कर दोनों आए और इसके बाद उन्होंने नशीले पदार्थ का सेवन किया। अनुसूया का कहना है कि इसी दौरान राहुल स्टंट दिखाने की बात कहकर पुल पर चढ़ गया और नदी में गिर गया। अनुसूया ने रात में ही घटना की जानकारी सूरज को दी लेकिन दोनों ने किसी को कुछ नहीं बताया।
रात में राहुल के घर नहीं आने पर अगले दिन की उसकी माता पुष्पा देवी पत्नी स्व. सतीश यादव ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने उसके सभी साथियों से पूछताछ की लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया। अनूूूसूया ने सिर्फ यही बताया कि उसने राहुल को घर छोड़ दिया था। इस बीच पुलिस ने राहुल के फोन की लोकेशन चेक की। फोन स्विच ऑफ था और उसकी अंतिम लोकेशन नैथाणा पुल के आसपास ही थी। इस बीच अनुसूया राहुल के परिजनों के साथ उसकी तलाश में ऋषिकेश भी गया।
कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि शक होने पर अनुसूया से शनिवार को पुन: पूछताछ की गई। पहले वह गुमराह करता रहा लेेकिन बाद में उसने सच्चाई उगल दी। अनुसूया ने बताया कि राहुल स्टंट दिखाने के चक्कर में नदी में गिर गया है। चौहान के अनुसार राहुल की माता की शिकायत पर आरोपी अनुसूया प्रसाद निवासी नौला (रुद्रप्रयाग) के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।