रविवार रात श्रीनगर-खिर्सू मोटर मार्ग पर खोला के समीप एक वाहन पहाड़ी से टकरा गया। दुर्घटना होने के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वाहन में चालक और चार नेपाली मजदूर सवार थे। मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं। रविवार रात लगभग साढ़े 8 बजे ढिकालगांव से श्रीनगर की ओर आ रहा वाहन खोला के समीप अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गया। चालक मौके से भाग निकला। दुर्घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसएसआई रणवीर रमोला ने बताया कि वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में नेपाल मूल के मजदूर दीपक (16), हेमराज (18), गणेश (20) और उत्तम (21) चोटिल हो गए थे, जिनको एंबुलेंस में उपचार हेतु बेस अस्पताल भेजा गया। उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।