सेवानिवृत्ता होमगार्ड को दी विदाई
देवप्रयाग। पुलिस की सर्वोत्तम रात्रि सेवा सहित बेस्ट पिकेट पुरस्कार से सम्मानित होमगार्ड मुकेश प्रसाद गैरोला की सेवानिवृत्ति पर पुलिस स्टाफ, व्यापारियों सहित नगर वासियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। टिहरी जिले की पट्टी दोगी स्थित भांगला गांव निवासी मुकेश गैरोला 1984 में थाना देवप्रयाग में होमगार्ड नियुक्त हुए थे और 41 साल उन्होंने यहीं सेवा दी। कोरोना काल में गैरोला ने सभी को जीवन रक्षक सामग्री पहुंचाई थी। प्रभारी निरीक्षक प्रशांत बहुगुणा, प्लाटून कमांडर सोबत सिंह राणा ने होमगार्ड मुकेश गैरोला को ऐसा बहुमुखी सेवा कर्मी बताया जिसने परिवार की तरह पुलिस थाने में हर जरूरत पूरी की। ढोल नगाड़ों के साथ पूरे नगर में भ्रमण के बाद होमगार्ड मुकेश गैरोला को उपहारों से लाद दिया गया। यह पहली बार हुआ तब किसी होमगार्ड कर्मी की विदाई पर हर आंख नम थी। संवाद