श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल विवि के वन विज्ञान एवं प्राकृतिक संसाधन विभाग की ओर से विश्व संकटग्रस्त प्रजाति दिवस के अवसर पर शैक्षणिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। भारत की संकटग्रस्त वनस्पति और जीव-जंतुओं की पहचान, स्थिति और संरक्षण विषय पर आयोजित संगोष्ठी में शिक्षकों सहित बीएससी, एमएससी तथा शोध छात्रों ने भारत की संकटग्रस्त वनस्पतियों और जीव-जंतुओं पर अपने विचार साझा किए।संगोष्ठी में विभागाध्यक्ष प्रो.डीएस चौहान ने उत्तराखंड की स्वदेशी प्रजातियों हिमालयी मोनाल और बुरांश के संरक्षण पर बल दिया और बताया कि इन प्रजातियों को संरक्षित करना पारिस्थितिकीय संतुलन के लिए आवश्यक है। प्रो. मुनीश कुमार ने जैव विविधता की महत्ता और संरक्षण के बारे में जानकारी दी। डॉ. एलएस कंडारी ने वन्यजीवों की भूमिका और उनके त्वरित संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। सहायक आचार्य डॉ. जेएस बुटोला ने औषधीय वनस्पतियों पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में विभाग के छात्रों ने हिमालयी संकटग्रस्त वनस्पतियों, स्तनधारी जीवों, पक्षियों, उभयचर, सरीसृप आदि पर रोचक और सूचनात्मक प्रस्तुतियां दीं। संचालन जिया बिष्ट ने किया। संवाद