श्रीनगर। पूर्ति निरीक्षक कार्यालय की ओर से क्षेत्र के सभी सरकारी सस्ते गल्ला विक्रेताओं को राशन कार्डधारकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया 15 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में यह तिथि 30 नवंबर निर्धारित थी, जिसे विभाग ने विस्तारित किया है, लेकिन पोर्टल न खुलने से गल्ला विक्रेताओं और राशन कार्ड धारकों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम क्षेत्र के सरकारी सस्ते गल्ला विक्रेताओं का कहना है कि तिथि बढ़ने के बाद एक दिसंबर को पोर्टल चल रहा था, लेकिन दो और तीन दिसंबर से पोर्टल बंद है। पोर्टल न खुलने से उपभोक्ताओं के राशन कार्ड-यूनिटों की ई-केवाईसी अपडेट नहीं हो पा रही है, जिससे उपभोक्ता दुकानों पर बार-बार पहुंच रहे हैं और विक्रेता भी असहज स्थिति में हैं। विक्रेता शिवलाल का कहना है कि जब अंतिम तिथि 15 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है तो पोर्टल बंद क्यों है, उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं और हम उन्हें सही जानकारी भी नहीं दे पा रहे हैं। पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि पिछले दो दिनों से पोर्टल में तकनीकी दिक्कत है। कई विक्रेताओं के फोन आने पर उन्होंने इस संबंध में आईटी सेल से संपर्क किया है। आईटी सेल के अनुसार, बुधवार रात या बृहस्पतिवार सुबह तक पोर्टल दोबारा खुल जाएगा। सर्वर संबंधी समस्या के कारण यह अवरोध आया है, लेकिन अंतिम तिथि 15 दिसंबर ही रहेगी।