श्रीनगर। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय संस्था समलौंण, पैठाणी की ओर से राठ महोत्सव के अवसर पर गढ़वाल विवि के हैप्रेक संस्थान के निदेशक डॉ. विजय कांत पुरोहित को नयार घाटी पर्यावरण संरक्षण सम्मान ‘समलौंण’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान हिमालयी क्षेत्रों में पर्यावरण जनजागरण, औषधीय पौधों के संरक्षण एवं उनके कृषिकरण के माध्यम से काश्तकारों को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रदान किया गया। डॉ. विजयकांत पुरोहित ने शिक्षण, अनुसंधान और विकास के क्षेत्र में 22 वर्षों के अनुभव के साथ विभिन्न क्षेत्रों में औषधीय व सुगंधित पौधों के संवर्धन, संरक्षण और प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्हें इससे पूर्व गिरी गंगा गौरव सम्मान-2023 और गौरा देवी पर्यावरण सम्मान-2025 भी मिल चुके हैं। यह सम्मान उन्हें कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं मैती आंदोलन के प्रेरणास्रोत, पद्म श्री कल्याण सिंह रावत के हाथों दिया गया। संवाद