श्रीनगर। राजकीय बेस चिकित्सालय, श्रीनगर को नए चिकित्सा अधीक्षक मिल गए हैं। प्राचार्य एवं डीन डॉ. आशुतोष सयाना के आदेश पर नेत्र रोग विभाग के प्रो. डॉ. एएन पांडेय को अग्रिम आदेशों तक चिकित्सा अधीक्षक का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। वहीं, जनरल सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. राकेश रावत को उनके अनुरोध पर इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से कार्यमुक्त कर दिया गया है। अब डॉ. पांडेय अपने विभागीय कार्यों के साथ चिकित्सा अधीक्षक के दायित्वों का भी निर्वहन करेंगे। डॉ. पांडेय लंबे समय से मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के नेत्र रोग विभाग में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले भी वे प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक के रूप में कार्य कर चुके हैं। अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने डॉ. पाण्डेय को नई जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जताई है।