गढ़वाल (केंद्रीय) विश्वविद्यालय के डॉ. आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र (डीएसीई) में प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी (आंसर की) विश्वविद्यालय की वेबसाइट में अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थियों से सोमवार तक उत्तरों के संबंध में आपत्ति को प्रवेश परीक्षा सेल के समन्वयक की मेल आईडी coordinatoreecell@gmail.com में भेजने की अपील की गई है।
गढ़वाल विश्वविद्यालय में पहली बार डॉ. आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र संचालित होगा। इसी वर्ष सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने इसकी मंजूरी दी है। केंद्र में अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को सिविल सर्विसेज परीक्षा की तैयारियों के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। केंद्र में प्रवेश के लिए गत 31 जुलाई को देहरादून, रुड़की और श्रीनगर में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। केंद्र की प्रवेश परीक्षा के लिए विवि को उत्तराखंड और बाहर से 1371 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे। छंटनी के बाद 558 छात्र-छात्राएं शेष रह गए थे लेकिन 100 सीटों के लिए सिर्फ 132 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी।
प्रवेश परीक्षा समन्वयक प्रो. अनिल नौटियाल ने बताया कि शनिवार को अधिकृत आंसर-की वेबसाइट में अपलोड कर दी गई है। प्रवेश परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी प्रश्नों के सही उत्तरों के विकल्प देख सकते हैं। यदि कोई अभ्यर्थी अपनी आपत्ति दर्ज कराना चाहता है तो वह सोमवार (आज) तक अपनी आपत्ति और उससे संबंधित आवश्यक साक्ष्य संलग्न कर परीक्षा सेल समन्वयक की ईमेल आईडी में भेज सकते हैं।
अभ्यर्थी इन वेबसाइट में देखे आंसर की
hnbgu.ac.in और https://online.hnbgu.ac.in/Ambedkar_hnb/