पौड़ी। सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) और पीएम गतिशक्ति की कार्यशाला में सीडीओ गिरीश गुणवंत ने विकास कार्यों की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इज ऑफ डूइंग और इज ऑफ लिविंग के तहत किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से जानकारियां दी। कार्यशाला में विशेषज्ञ करुणाकर सिंह ने सतत विकास लक्ष्यों को लेकर सभी विभागाें की ओर से किए जाने वाले कार्यों से अवगत कराया। बताया कि जीरो हंगर, क्वालिटी एजुकेशन, सतत शहरी विकास और पुलिस विभाग से संबंधित संकेतकों में अपेक्षित प्रगति न होने के चलते के जनपद की रैंकिंग प्रभावित हुई। उन्होंने इन बिन्दुओं पर विशेष रणनीति से कार्य करने के टिप्स दिए। पीएम गतिशक्ति पोर्टल विशेषज्ञ ऐश्वर्या ने पोर्टल व जीआईएस के माध्यम से योजनाओं के समन्वय व कार्यांवयन के बारे में बताया। डीएसटीओ राम सलोने ने कार्यशाला के उद्देश्य एवं महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सतत विकास लक्ष्यों के क्षेत्र में जनपद की रैंकिंग 2022-23 में आठवीं रही, जो कि बढ़कर अब चौथे स्थान तक पहुंच गई है। इस मौके पर पीडी डीआरडीए विवेक उपाध्याय, डीईओ माध्यमिक रणवीर सिंह नेगी, अपर सांख्यिकीय अधिकारी उदित वर्मा आदि शामिल रहे।