श्रीनगर। थाना रोड पर नगर निगम की ओर से चल रहे नाली निर्माण कार्य के बीच निर्माण से निकला मलबा सड़क किनारे ही डंप कर दिए जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई दिनों से मलबा नहीं हटाए जाने के कारण आवाजाही प्रभावित हो रही है। थाना रोड क्षेत्र में घरों और दुकानों की आवाजाही इसी मार्ग से होती है। ऐसे में सड़क किनारे पड़े मलबे के ढेर से लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी राकेश ने बताया कि उनके घर और दुकान का यही मुख्य रास्ता है। आसपास छोटे बच्चे भी रहते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने जल्द मलबा हटाने की मांग की।स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान निकले मलबे को समय पर हटाया जाना चाहिए, ताकि आमजन को परेशानी न हो।नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रविराज सिंह बंगारी ने कहा कि यदि इस संबंध में शिकायत मिली है तो संबंधित ठेकेदार से बात कर जल्द मलबा हटाने के निर्देश दिए जाएंगे, जिससे लोगों को असुविधा न हो। संवाद