श्रीनगर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता पंकज फस्र्वाण व अन्य छात्रों ने सीयूईटी यूजी के परीक्षार्थियों को नजदीकी परीक्षा केंद्र आवंटन किए जाने की मांग की है। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत को दिए ज्ञापन में उन्होंने एनटीए व केंद्रीय शिक्षा मंत्री से छात्रों की इस मांग की पैरवी करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल विवि के चौरास परिसर व पौड़ी घुड़दौड़ी में परीक्षा केंद्र बनाया गया है, लेकिन पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग तथा चमोली जनपदों के अनेक अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र अन्य राज्यों या अत्यधिक दूर स्थानों पर आवंटित किए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों से संबंधित छात्रों के लिए इतनी दूर जाकर परीक्षा देना अत्यंत कठिन एवं खर्चीला हो जाता है, जिससे उनकी परीक्षा में सहभागिता भी प्रभावित होती है। उन्होंने टिहरी परिसर के समीप स्थित टीएचडीसी के इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रो पॉवर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संस्थान को भी परीक्षा केंद्र बनाए जाने की मांग की। संवाद