पौड़ी। चाकीसैंण तहसील में अनशन पर बैठे क्षेत्रीय क्रांति मोर्चा के अध्यक्ष मुरारी नौड़ियाल को पांचवें दिन शनिवार रात को प्रशासन ने पुलिस की मदद से जबरन उठाकर पाबौ सीएचसी में भर्ती करवाया। वहीं अब धरना स्थल पर दो अन्य आंदोलनकारियों ने अनशन शुरू कर दिया है। मुरारी नौड़ियाल प्रदेश की स्थायी राजधानी गैरसैंण घोषित करने, चाकीसैंण तहसील में एसडीएम सहित खाली पड़े पदों पर कर्मचारियों की नियुक्ति करने आदि मांगों को लेकर मंगलवार से अनशन पर बैठे थे। उनके स्वास्थ्य में लगातार आ रही गिरावट को देखकर शनिवार को दिन में एसडीएम माया दत्त जोशी ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। रात को प्रशासन ने पौड़ी पुलिस की मदद से अनशनकारी मुरारी नौड़ियाल को जबरन उठाकर पाबौ सीएचसी भर्ती करवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें जरूरी इलाज दिया। वहीं मुरारी नौड़ियाल को जबरन उठाने के बाद अब धरना स्थल पर पीतांबर नौड़ियाल और जीतराम पोखरियाल अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए हैं। उन्होंने मांगें पूरी न होने पर अनशन जारी रखने की चेतावनी दी। आंदोलन को नौड़ी, आताखोली, क्षेत्र के महिला मंगल दलों, अर्द्धसैनिक बल मोर्चा थलीसैंण, माकपा के देवानंद नौटियाल आदि ने समर्थन दिया। इस दौरान यूकेडी जिलाध्यक्ष सुबोध पोखरियाल, भाष्कर बहुगुणा, देवेश उनियाल, हेमा देवी, सती देवी, विजेश्वरी देवी, जीतराम पोखरियाल, कुंती देवी, दौलतराम व बबली देवी आदि शामिल रहे।