फोटो
श्रीनगर । भागीरथी कला संगम के सदस्यों ने रविवार को नगर के आईटीआई घाट पर सफाई अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत हाईवे से की गई, जिसके तहत हाईवे से लेकर घाट तक के पूरे रास्ते की सफाई की गई। इस दौरान घाट पर फैली गंदगी को हटाया गया और कई कट्टे प्लास्टिक, खाली बोतलें इकट्ठा की गईं। इस मौके पर संस्था के संरक्षक रमेश चंद्र थपलियाल ने घाट की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक बेहद खूबसूरत और प्राचीन घाट है, लेकिन उचित देखरेख न होने के कारण अब यह जगह-जगह से टूटने लगा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि इस ऐतिहासिक घाट की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए। संस्था के निदेशक मदन गड़ोई ने कहा कि स्वच्छता रखना संस्था का मुख्य उद्देश्य है। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र बर्थवाल, मुकेश नौटियाल, दीनबंधु सिंह चौहान, रघुबीर सिंह रावत, भगत सिंह बिष्ट और सह सचिव रवि पुरी आदि मौजूद थे।