केवी पौड़ी में एंटी ड्रग यूनिट का उद्घाटन करतीं सिविल जज। स्रोत विभाग।
पौड़ी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की ओर से केंद्रीय विद्यालय में एंटी ड्रग यूनिट का गठन किया गया। उन्होंने छात्र- छात्राओं को यूनिट की स्थापना, उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारियां दीं। विद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन डीएलएसए सचिव/सिविल जज (सी.डि) नाजिश कलीम ने किया। उन्होंने बताया कि यूनिट का मुख्य उद्देश्य छात्रों और युवाओं को नशे के बढ़ते प्रचलन व उसके दुष्प्रभावों से बचाना है। यूनिट विद्यालय स्तर पर एक सक्रिय जागरूकता व निगरानी समूह के रूप में कार्य करेगी। इसमें छात्र-छात्राएं व शिक्षाविद अहम भूमिका निभाएंगे। यूनिट के माध्यम से समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, गोष्ठियां, निबंध व पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने यूनिट को विद्यालय परिसर में अनुशासन बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और नशे की गतिविधियों की सूचना संबंधित अफसरों को देने को कहा। प्रधानाचार्य अनीता ने प्राधिकरण की पहल को छात्रहित में जरूरी बताया।