अभिनेत्री कंगना रनौत के देश की आजादी पर दिए विवादित बयान पर एनएसयूआई भड़क गई है। एनएसयूआई ने कंगना रनौत से पद्मश्री वापस लिए जाने के साथ ही उन पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने कंगना के बयान को देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वालों का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द कार्रवाई अमल में नहीं लाती है तो आंदोलन किया जाएगा। शनिवार को एनएसयूआई के प्रदेश सचिव मोहित सिंह के नेतृत्व में युवाओं ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव मोहित सिंह व उत्तराखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव आशीष नेगी ने कहा कि अभिनेत्री कंगना रनौत को पद्मश्री से नवाजा है। पुरस्कार मिलने के बाद उन्होंने एक साक्षात्कार में देश की आजादी को लेकर बहुत ही अभद्र टिप्पणी की जो उनकी संकीर्ण मानसिकता का परिचायक है। इस अवसर पर मुकुल पंवार, संजना गुजराल, गोपाल नेगी, अंकित सुंदरियाल आदि मौजूद थे।