थलीसैंण। थलीसैंण ब्लॉक में आपदा से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बांकुड़ा चौथान, सिलोली पुल पैठाणी, नौगांव, पज्याणा, बहेड़ी, भरीख, पाटुली, पैठाणी और कलगड़ी सहित कई आपदा प्रभावित गांवों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। साथ ही उनका दर्द साझा किया और समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर संकट की घड़ी में नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देकर उन्हें जीवन की राह पर वापस लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला प्रशासन को सभी आपदा प्रभावित परिवारों को क्षति के अनुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही लोनिवि विभाग को नौगांव–पज्याणा को जोड़ने वाली सड़क को प्राथमिकता से खोलने व संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, मूलभूत सुविधाएं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलगड़ी पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बताया कि वैली ब्रिज निर्माण सामग्री स्थल पर पहुंच चुकी है और कार्य शीघ्र शुरू होगा।