भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई पेयजल लाइन नौ दिन बाद भी ठीक नहीं की जा सकी है। ऐसे में नगर से सटे करीब छह से अधिक गांवों में नौ दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। ग्रामीण जलस्रोत और हैंडपंपों से पानी ढोकर ला रहे हैं और प्यास बुझा रहे हैं।
ग्राम पंचायत कोटी, भटकोट, तुनगी, भ्वीट, दनसाड। आदि गांवों में पिछले नौ दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांवों के लिए नवनिर्मित मुनेठ-कांडाधार पंपिंग पेयजल योजना से आपूर्ति होती है। नौ दिन पूर्व काटल गदेरे के समीप पंपिंग पेयजल योजना की पाइप लाइन भारी बरसात से आए मलबे से ध्वस्त हो गई थी। तब से पेयजल आपूर्ति ठप होने से वह जलस्रोतों और सड़क किनारे लगे हैंडपंपों से पानी ढो रहे हैं। प्रधान आभा कोटियाल, अरविंद जियाल और आरती देवी आदि ने जल संस्थान से शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। दूसरी ओर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता नरेशपाल सिंह ने बताया कि पेयजल समस्या के समाधान के लिए नई पाइप लाइन बिछाई जा रही है। शीघ्र ही पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।