पेयजल निगम श्रीनगर के जेई का तलब किया स्पष्टीकरण
देवप्रयाग। देवप्रयाग में भागीरथी किनारे एसटीएफ (सीवर ट्रीटमेंट प्लांट) से प्रदूषित जल ओवरफ्लो होने पर एसडीएम कीर्तिनगर बिफर गई। उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। एसडीएम ने पेयजल निगम श्रीनगर (नमामि गंगे) के जेई का स्पष्टीकरण तलब किया। कहा, बुधवार पांच जुलाई तक समस्या का समाधान नहीं होने पर वेतन पर रोक लगा दी जाएगी।
मंगलवार को एसडीएम कीर्तिनगर ने देवप्रयाग संगम पर कांवड़ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संगम घाट पर नगर पालिका व सिंचाई विभाग द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, रेलिंग व रस्सियों का निरीक्षण किया। एसडीएम सोनिया पंत ने संगम स्थित सूर्य गुफा के ऊपर पांच फीट ऊंची रैलिंग लगाए जाने के निर्देश ईओ नगर पालिका को दिए। प्रभारी निरीक्षक थाना देवप्रयाग देवराज शर्मा ने बताया कि संगम पर निगरानी के लिए सीसीटीवी लगे हैं। निगरानी हॉल भी बनाया गया है। साथ ही संगम पर जल पुलिस और रेगुलर पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इस अवसर पर नायब तहसीलदार मानवेंद्र बर्त्वाल, ईओ रघुवीर राय, राजस्व निरीक्षक मदन लाल, एसएसआई अनिरूद्ध मैठाणी आदि मौजूद रहे।